
दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार राकेश शर्मा को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुरी तरह मारा-पीटा. शर्मा की गलती ये थी कि उन्होंने भाजपा नेता से एक सवाल पूछ लिया था. ये सवाल पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा में हुई चूक के बारे में था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं. इसी के विरोध में भाजपा विधायक देवेंद्र मनियाल, भारत भूषण और राजीव जसरोटिया सहित कई भाजपा नेता कठुआ में कालीबाड़ी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर रहे थे.
58 वर्षीय शर्मा ने न्यूज़लॉन्ड्री को बताया कि उन्होंने मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं से पूछा, “आप कब तक पाकिस्तान के पुतले जलाते रहेंगे? यह भी तो एक सुरक्षा चूक का मामला है.” इसके बाद, भाजपा कार्यकर्ता हिमांशु शर्मा ने कथित तौर पर चिल्लाते हुए कहा, “ये पत्रकार पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं. वे राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं.”