
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कुछ ही घंटे दूर था. उससे पहले बिहार में एक तरह से राजनीतिक भूचाल ला देने वाली ख़बर आई. बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय ऊर्जा मंत्री राज कुमार सिंह (आर.के. सिंह) ने एबीपी न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर 62 हजार करोड़ रुपये के बिजली घोटाले का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि बिहार सरकार ने अडाणी पावर लिमिटेड से ऊंचे दामों पर बिजली खरीदने का समझौता किया. जिसका बोझ सीधा जनता पर पड़ेगा.
हालांकि, सिंह के इस बयान से ज़्यादा चर्चा फिलहाल एबीपी न्यूज़ की हो रही है. चैनल ने इस इंटरव्यू का वीडियो ट्वीट करने के कुछ वक्त बाद एक्स हैंडल से हटा लिया. सुबह 6:51 बजे यह वीडियो पोस्ट किया गया था. इस पोस्ट में न्यूज़ एंकर और रिपोर्टर दोनों को टैग भी किया गया था. सिंह का यह वीडियो सुबह के वक्त प्रसारित हुए बुलेटिन में चला था.