
गुरुग्राम में अवैध प्रवासियों पर पुलिस की कार्रवाई के कारण बांग्ला भाषी मुस्लिम प्रवासी मजदूरों का बड़े पैमाने पर पलायन जारी है, इनमें से कई दशकों से इस शहर में घरेलू नौकर, ड्राइवर, सफाई कर्मचारी और दिहाड़ी मजदूर के रूप में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं.
यह सिर्फ बंगाली मार्केट की बात नहीं है, जहां से लगभग 400 लोग पश्चिम बंगाल स्थित अपने गांवों को लौट गए. साउथ सिटी-2 के क्यू ब्लॉक में न्यूज़लॉन्ड्री को लगभग 200 किराए के घर मिले, जिनमें कोई नहीं रहता. कई या तो बंद थे या खाली थे, अलमारियां बांध कर बाहर रखी हुई थीं, और दरवाजों पर गद्दे रखे हुए थे. स्थानीय लोगों का अंदाज़ा है कि पिछले हफ़्ते 1,000 से ज़्यादा निवासी वहां से जा चुके हैं.