
बुधवार, 5 नवंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के इंदिरा भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसे पार्टी ने ‘हाइड्रोजन बम’ नाम दिया. इस दौरान राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया. गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में बेईमानी से सरकार बनाई है. उन्होंने दावा किया कि राज्य की वोटिंग लिस्ट में 25 लाख से अधिक फर्जी वोटर शामिल किए गए हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह मॉडल हरियाणा के 10 बूथों पर वोटर लिस्ट में 22 जगह मौजूद है. यह मामला राई विधानसभा क्षेत्र का बताया गया. उन्होंने सवाल उठाया, “यह मॉडल कौन है और इसकी तस्वीर हरियाणा की वोटिंग लिस्ट में कैसे आई?” मॉडल का नाम मैथ्यूज फेरारो बताया जा रहा है.