
कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र की एक हथिनी माधुरी उर्फ महादेवी खूब चर्चा में रही. बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद इसे रिलायंस समूह के चश्मेचिराग़ अनंत अंबानी के निजी अभ्यारण्य वनतारा में पहुंचा दिया गया था. इसे लेकर एक तबका विरोध पर उतर आया. लोग प्रदर्शन करने लगे. हथिनी को वनतारा से आजाद करने के लिए कई किलोमीटर लंबी यात्रा तक निकाल रहे हैं. यहां तक कि अंबानी के स्वामित्व वाली जियो के बॉयकॉट का ट्रेंड चल रहा है.
लेकिन अगर आप एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर महादेवी उर्फ माधुरी, वनतारा को सर्च करेंगे तो पाएंगे कि महादेवी को वनतारा भेजने के समर्थकों ने क्रांति पैदा कर दी है. भले ही यह क्रांति चाय के प्याले में उठे तूफान की तरह हो लेकिन वनतारा के समर्थन वाली इस क्रांति का विश्लेषण करने पर एक दिलचस्प ट्रेंड निकल कर सामने आया.