
उत्तराखंड में आई आपदा को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन उत्तरकाशी का धराली क्षेत्र अब भी सड़क मार्ग से पूरी तरह कटा हुआ है. इलाके में शुक्रवार शाम तक संचार व्यवस्था ठप रही. फोन लाइनें और मोबाइल नेटवर्क अब तक काम नहीं कर रहे हैं. हेलीकॉप्टरों की लगातार आवाजाही देखकर लगता है कि राहत और बचाव का कार्य बड़े स्तर पर हो रहा है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है. सरकार ने अब तक करीब 300 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू करने दावा किया है. शुक्रवार को धराली के लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नारे लगाए और सरकार द्वारा दिए गए राहत चेक लेने से भी इंकार कर दिया.