
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ज़िले में 11 अगस्त को एक मकबरे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. शहर के अबूनगर रेडइया इलाके में स्थित नवाब अब्दुल समद के मकबरे को हिंदू संगठनों ने प्राचीन मंदिर घोषित करते हुए वहां पूजा-अर्चना की और भगवा झंडा फहराया. इस पूरे घटनाक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ज़िला अध्यक्ष और अन्य हिंदू संगठनों से जुड़े नेताओं की मौजूदगी में यह सब हुआ. घटना के बाद से इलाके में सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है.
11 अगस्त को कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भारी संख्या में अबूनगर स्थित नवाब अब्दुल समद के मकबरे पर पहुंचे. उन्होंने इस स्थान को ठाकुर जी और शिव जी का मंदिर बताते हुए वहां पूजा-अर्चना शुरू कर दी. वायरल हुए वीडियो में कुछ लोग घंटी बजाते, आरती करते, और भगवा झंडा लहराते दिखाई दे रहे हैं. कई युवक मकबरे के ऊपर चढ़े हुए भी देखे गए. यह सब कुछ पुलिस की मौजूदगी में हुआ.