कोटा के बाद एक बार फिर राहुल गांधी शुक्रवार को 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत छात्रों से संवाद करने के लिए देहरादून पहुंचे. यह कार्यक्रम भारी बारिश के बीच देहरादून के सनातन धर्म इंटर कॉलेज (बन्नू) में हुआ. कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में छात्र और कांग्रेस समर्थक पहुंचे. हमने यहां छात्रों से बात कर यह जानने की कोशिश की कि उनके प्रमुख मुद्दे क्या हैं और 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से उन्हें कितनी उम्मीदें हैं.
भारी बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से छात्रों को रेनकोट बांटे गए. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले हर छात्र और कार्यकर्ता के हाथ में नीले रंग का एक बैंड बांधा जा रहा था, जिसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा था. वहीं, मीडिया कर्मियों को भी पंजीकरण कराने के बाद ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी गई.