
पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू- कश्मीर (पीओके) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर एक के बाद एक 24 सटीक हमले. 25 मिनट के इस हाई-प्रोफाइल सैन्य मिशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम दिया गया. इसे बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई कहा जा रहा है. इस हमले में कुल 26 लोगों की मौत हो गई थी.
पहलगाम के हमले में अपने पतियों को खोने वाली महिलाओं को श्रद्धांजलि के रूप में इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम दिए जाने और इस सैन्य कार्रवाई के बाद भारत में पहली प्रेसवार्ता का नेतृत्व दो महिला अधिकारियों द्वारा किए जाने के निर्णय को भारत की तरफ से पाकिस्तान के लिए मजबूत रणनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है.