
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में भारतीय सेना के सिपाही मुरली नाइक शहीद हो गए. वे आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई ज़िले के गोरंतला मंडल के पुट्टगुंडलपल्ली गांव के रहने वाले थे. गुरुवार रात भारी गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रयास असफल रहा.
सिपाही मुरली नाइक अपने माता-पिता मुदावत श्रीराम नाइक और मुदावत ज्योति बाई के इकलौते बेटे थे. दोनों खेतिहर मजदूर हैं. मुरली नाइक अविवाहित थे और लांबाड़ी समुदाय से आते थे, जिसे अनुसूचित जनजाति में शामिल किया गया है.